जोखेलाल को कागजों में दिखा दिया मृत, लेखपाल सस्पेंड
शाहजहांपुर । तहसील पुवायां और थाना खुटार क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर के रहने वाले जोखेलाल को कागजों में मृत दिखाकर और फर्जी महिला के नाम पर उसकी विरासत भरने के मामले में शनिवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह के आदेश पर लेखपाल शालिनी शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके बाद विभागीय स्तर से जांच शुरू कर दी गई है।
खुटार की ग्राम पंचायत गांव लक्ष्मीपुर निवासी दलित जोखेलाल ने बताया कि कुछ माह पहले लेखपाल शालिनी शर्मा ने उसको कागजों में मृत दिया था। उसके बाद उनके नाम दर्ज भूमि की विरासत गांव रौतापुर कलां की चांदनी देवी पुत्री सुनील कुमार के नाम दर्ज कर दी थी। कुछ दिन पहले ही इसकी खबर जिंदा जोखेलाल को हुई तो होश उड़ गए और चांदनी देवी की तलाश की। लेकिन रौतापुर कलां में चांदनी पुत्री सुनील कुमार नाम की कोई भी महिला नही मिली। जो मामला पूरी तरह से फर्जी निकला।
इसके बाद पीड़ित जोखेलाल अधिकारियों के संज्ञान में पूरा मामला डाला और लेखपाल के खिलाफ कार्यवाई की मांग की। शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने इस प्रकरण के मामले की जांच के आदेश पुवायां एसडीएम को दिया। एसडीएम ने जांच कराई तो मामला उजागर हुआ। एसडीएम ने जांच करने के बाद इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने जांच रिपोर्ट के आधार पर जिंदा जोखेलाल को मृत दिखाकर उसके नाम की भूमि की वसीयत किसी फर्जी महिला के नाम दर्ज करने के मामले में शनिवार को हल्का लेखपाल शालिनी शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके बाद अधिकारियों ने विभागीय जांच शुरू कर दी है।
जिंदा को मृत दर्शाकर फर्जी विरासत भरने की शिकायत हुई थी। जिलाधिकारी के आदेश पर जांच शुरू की गई। जांच में मामला सही पाये जाने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल को सस्पेंड कर दिया है।- धर्मेंद्र पांडेय, तहसीलदार-पुवायां।
सौजन्य : amritvichar
नोट : यह समाचार मूलरूप से amritvichar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









