Chhatarpur: सरकारी वाहन को ओवरटेक करना दलित युवक को पड़ा भारी, थाने ले जाकर पुलिस ने की दनादन पिटाई
Reported by जय प्रकाश
Chhatarpur Crime News: छतरपुर में एक दलित युवक को सरकारी गाड़ी ओवरटेक करने के अपराध में पुलिस घर से उठाकर थाने ले गई। थाने में ले जाकर पीड़ित को बहुत बेरहमी से पीटा गया। इस पिटाई से युवक के शरीर में गंभीर चोट आई है। मामले का पता चलने पर एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
छतरपुरः जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खजुराहो में सरकारी वाहन को ओवरटेक करना एक दलित युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने पीड़ित की पिटाई कर दी। पूरा मामला खजुराहो के वार्ड नंबर 07 का है। जहां नगर परिषद में सफाई का काम करने वाला रोहित पुलिस की गाड़ी के बगल से निकला। बुलेट में बैठकर निकलने युवक को इसकी ना भूलने वाली सजा मिली। पुलिस ने युवक को थाने ले जाकर बेरहमी से पीटा।
रोहित और उसके घरवालों के अनुसार उनके घर के पास खजुराहो थाने की पुलिस गाड़ी खड़ी थी। सरकारी वाहन के बगल से रोहित बुलेट में बैठकर निकला। उसके बाद पुलिस ने उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाया और थाने ले जाने लगे। जिसका वीडियो उसी के परिवार के लोगों ने बना लिया। रोहित के घर के लोग छोड़ने के लिए गुहार लगाते रहे। लेकिन पुलिस ने रोहित को पकड़कर थाने ले गई।
थाने ले जाकर बेरहमी से पीटा
थाने में ले जाकर पुलिस ने रोहित की बेरहमी से पिटाई कर दी। उन्होंने युवक को ऐसे पीटा जैसे उसने कोई बहुत बड़ा अपराध कर दिया हो। पिटाई से पीड़ित के शरीर में जगह जगह गंभीर चोट आई है जिसके निशान बन गए हैं। आपको बता दें कि रोहित खजुराहो नगर परिषद में सफाई कर्मचारी है।
थाने से आकर पीड़ित ने किया सुसाइड अटेंप्ट
रोहित के भाई ने बताया कि जैसे ही पुलिस ने रोहित को छोड़ा, तो रोहित घर आया। उसने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। वहीं, भाई ने कहा कि रोहित के खिलाफ न तो कोई शिकायती आवेदन और ना ही कोई एफआईआर दर्ज थी। रोहित का गुनाह सिर्फ बुलेट को पुलिस गाड़ी के बगल से निकालना था।
नंगा करके थर्ड डिग्री टॉर्चर! बीवी की शिकायत पर पति को घर से उठाकर पुलिस ने की बर्बरता, 3 सस्पेंड
एसपी ने पुलिसकर्मियों को किया लाइन अटैच
मामले को लेकर पीड़ित ने एक आवेदन खजुराहो एसडीओपी को सौंपा है। हालांकि इस पूरे मामले में खजुराहो एसडीओपी कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं। वहीं, छतरपुर एसपी अगम जैन ने एक्शन लिया है। उन्होंने एक एसआई और एक सिपाही को लाइन अटैच कर दिया। साथ ही दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की बात कही है।
सौजन्य: नव भारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप से navbharattimes.indiatimes.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग केवल गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए किया गया है, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए|








