उन्नाव में जन्मदिन पर निकली किशोरी लापता, स्वजन बोले- नशीला पदार्थ खिलाने के बाद सुनसान इलाके में फेंका
उन्नाव । जन्मदिन पर गुरुवार दोपहर घर से निकली दलित किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। शुक्रवार रात सदर क्षेत्र में सुनसान जगह पर बेहोश मिलने से स्वजन के होश उड़ गए। जिला अस्पताल में इलाज के बाद होश तो आया पर नींद से वह उबर नहीं पा रही है। पिता ने नशीला पदार्थ खिलाए जाने की आशंका जताई है।
ललऊखेड़ा चौकी क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 14 वर्षीय दलित किशोरी का सात जुलाई गुरुवार को जन्मदिन था। मजदूर पिता बेटी का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के लिए दोपहर लगभग एक बजे केक लेने के लिए घर से निकला। एक घंटे बाद कपड़े खरीदने की बात कह बेटी भी पीछे से निकल गई। देर शाम तक उसके घर न पहुंचने पर पिता परेशान हो गया। बीमार होने के बाद भी वह स्वजन के साथ बेटी की खोजबीन के लिए निकला। शुक्रवार सुबह तक उसका पता नहीं चला।
दोपहर लगभग दो बजे पड़ोस के गांव में रहने वाली सहेली का पिता उसके घर पहुंचा। उसने बताया कि किशोरी गुरुवार दाेपहर लगभग तीन बजे उसके घर पहुंची थी और सहेली की साइकिल लेकर कपड़े लेने की बात कहकर निकल गई। यह सुनकर किशोरी का पिता बेहाल हो गया। शुक्रवार रात किशोरी सदर क्षेत्र के करोवन मोड़ से इसी गांव जाने वाले रास्ते पर 100 मीटर दूर सुनसान जगह पर सड़क किनारे बेहोश पड़ी मिली। साइकिल भी उसके पास पड़ी थी। एक राहगीर की सूचना पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसके पास मिली आइडी से पुलिस ने पिता को जानकारी दी।
माता-पिता अस्पताल पहुंचे और बेटी की हालत देख कांप गए। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि बेटी की यह हालत कैसे हुई। शनिवार को किशोरी ने आंखें तो खोली पर कुछ भी बता नहीं सकी। डाक्टर के कहने पर स्वजन उसे घर लेकर चले गए। पिता ने अंदेशा जताया है कि बेटी को नशीला पदार्थ खिलाया गया है, जिससे वह नींद से बाहर नहीं पा रही है। वहीं, किशोरी के साथ अनहोनी की चर्चा है। कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि किशोरी के बयान के बाद सच सामने आ सकेगा।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









