दलित दिव्यांग किशोरी से गैंग रेप का आरोप हजरतगंज इलाके का मामला
लखनऊ। हजरतगंज इलाके में 13 साल की दलित दिव्यांग किशोरी से तीन युवकों ने गैंग रेप किया। पीड़िता की बड़ी बहन की शिकायत पर मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस घटना स्थल और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध युवक फुटेज में दिखे हैं।
घटना सोमवार रात की है। पीड़िता के परिजन खाना खाकर सो गए। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले तीन युवक पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। उसके साथ गैंग रेप करके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़िता घर आकर सो गई। उसने किसी को आपबीती नहीं बताई। मंगलवार सुबह पीड़िता के परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तो पुलिस से शिकायत की।
पीड़िता की बड़ी बहन ने मंगलवार सुबह उसके शरीर पर चोट और कपड़ों पर खून के निशान देखा। इससे उसे अनहोनी की आशंका हुई। उसने पीड़िता से प्यार से इसके बारे में पूछा। काफी कोशिश के बाद पीड़िता ने आपबीती बताई। उसने तीनों युवकों की पहचान भी बताई। इस पर बड़ी बहन ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन शुरू की।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि पीड़िता ने बड़ी बहन को जिस रास्ते से ले जाने की बात बताई है, वहां के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के समय एक्टिव मोबाइल नंबरों को खंगाला जा रहा है। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है। पीड़िता ने जिन युवकों की पहचान की है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पीड़िता ठीक से कुछ नहीं बता पा रही है। कुछ युवकों को चिह्नित किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य :तरुणमित्र
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.tarunmitra.in/state/uttar प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









