दिल्ली: ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले कनॉट प्लेस छावनी में तब्दील, 32 हजार जवान तैनात; पार्क बंद, सीसीटीवी से निगरानी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के आह्वान के बाद दिल्ली के कनॉट प्लेस में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा. सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस निगरानी और पीछा किए जाने का आरोप लगाया है|
नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया है|
इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली के आसपास दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक जवान तैनात किए जाएंगे. इसके अलावा, सीजेपी के प्रदर्शन के आह्वान के बाद पिछले एक सप्ताह से राजधानी में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के करीब 26,000 जवान तैनात हैं|
इस तरह शुक्रवार को मध्य दिल्ली में कुल करीब 32,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होने की उम्मीद है|
सीजेपी ने इस बार अपने नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन का आह्वान किया है. दोनों को इसी सप्ताह गिरफ्तार किया गया था. इससे पहले पार्टी ने एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी, और अब भी कर रही है|
जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के कारण संगठन ने इस बार सेंट्रल पार्क में जुटने का आह्वान किया है|
सेंट्रल पार्क शुक्रवार और शनिवार को बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी 16 अक्टूबर को प्रस्तावित जमावड़े के मद्देनजर यातायात पर असर पड़ने की आशंका जताई है. उसकी एडवाइजरी के मुताबिक, दोपहर तीन बजे से कनॉट प्लेस और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. हालात के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं.
एडवाइजरी में संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, अशोक रोड, टॉलस्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड समेत कई सड़कों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है|
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









