जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले जन सुराज का बड़ा बयान, ‘आंदोलन पर रोक…’
जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह का कहना है कि सरकार पूरी तरह से बैकफुट पर है| मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ेगा|
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के विरोध में विपक्षी दलों की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है. 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का एलान किया है. दिल्ली पुलिस की ओर से भले प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है, लेकिन CJP की ओर से युवाओं को जंतर-मंतर पर पहुंचने की अपील की गई है. इस बीच जन सुराज पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया आई है|
जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने बयान जारी करते हुए कहा है कि भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों से परे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन पर रोक लगाना संवैधानिक अधिकार का हनन है. भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन से सरकार पूरी तरह से बैकफुट पर है|
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार और दिल्ली पुलिस, पेपर लीक के बाद धर्मेंद्र प्रधान के बचाव में इसी प्रकार से सीजेपी के आंदोलन को कुचलने के लिए प्रयासरत दिखी थी. अंततः शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था|
‘सरकार और ज्ञानेश कुमार को झुकना पड़ेगा’
कुमार सौरभ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की चुनाव आयोग को लेकर की गई टिप्पणी और मुख्य चुनाव आयुक्त की चुप्पी से देश में आक्रोश का माहौल बन चुका है. भारत के युवाओं (Gen-Z) के सामने फिर नरेंद्र मोदी की सरकार और ज्ञानेश कुमार दोनों को झुकना पड़ेगा. सरकार ज्ञानेश कुमार का जितना बचाव कर ले, मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ेगा.
बता दें कि दिल्ली में इस समय 20,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. इस पर जन सुराज का कहना है कि देश की राजधानी में “आपातकाल” जैसी स्थिति का अहसास हो रहा है|
अब देखना होगा कि कल (शनिवार) होने वाले इस प्रदर्शन के दौरान कैसी तस्वीर निकलकर आती है. अनुमति नहीं मिलने के बावजूद होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर कहा जा रहा है कि देशभर से युवाओं के जुटने की संभावना है|
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









