बाराबंकी के हैदरगढ़ में दलित पत्रकार को पीटा:जातिसूचक गालियां दीं; पुलिस हिरासत में दो आरोपी
हैदरगढ़ में पुलिस बूथ से करीब 200 मीटर दूर चौराहे पर गुरुवार शाम एक दलित पत्रकार से मारपीट की घटना सामने आई। पत्रकार मंदिर में चढ़ाने के लिए दुकान से फूल खरीदने गए थे, तभी दो युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और गाली-गलौज की।
जासेपुर निवासी पत्रकार रामानंद कनौजिया की शिकायत के अनुसार, गुरुवार शाम करीब सात बजे वह हैदरगढ़ कस्बे में डाकखाने के पास एक दुकान से फूल खरीद रहे थे।
इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। पत्रकार ने आरोप लगाया कि युवकों ने पत्रकारिता को लेकर टिप्पणी करते हुए उनसे बदतमीजी की।
रामानंद का आरोप है कि चाबी मांगने पर दोनों युवकों ने चौराहे पर उनके साथ जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब वह जान बचाने के लिए थाने की तरफ भागने लगे, तो आरोपियों ने उनका पीछा किया, उन्हें पकड़ा और फिर से पीटा।
घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों की नजर पड़ने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे भी पकड़कर थाने ले आई।
इसके बाद पत्रकार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने SC/ST एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी अनिल पांडे ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों में खरसतिया निवासी मयंक अवस्थी और नितिन अवस्थी को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









