‘आरोपियों के घर बुलडोजर चले, तभी पिता का अंतिम संस्कार’, पूर्व CRPF जवान की बेटी की मांग; 3 आरोपी गिरफ्तार
Ballia CRPF Jawan Murder Case: बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में चाकूबाजी में पूर्व CRPF जवान अमरेश बहादुर सिंह की मौत के बाद परिवार ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
नरेन्द्र मिश्र, बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में चाकूबाजी की घटना में जान गंवाने वाले पूर्व CRPF जवान अमरेश बहादुर सिंह का शव शुक्रवार को मऊ से उनके गांव पहुंचा, लेकिन घंटों तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका। मृतक की बड़ी बेटी कृतिका सिंह ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक आरोपियों के घर पर बुलडोजर नहीं चलाया जाएगा, तब तक वह अपने पिता का अंतिम संस्कार नहीं करेगी।
परिवार की ओर से आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी की गई है। मामले में पुलिस ने नामजद पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
चाकूबाजी में पूर्व CRPF जवान की मौत
मामला बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव का है। मृतक की बेटी कृतिका सिंह के मुताबिक गुरुवार रात रामकरण सिंह उनके परिवार के लोगों को गाली दे रहा था। इसका विरोध करने के लिए उनके चाचा मंजेश सिंह वहां पहुंचे।
कृतिका का आरोप है कि विरोध करने पर रामकरण सिंह ने उनके चाचा पर चाकू से हमला कर दिया। चाचा को बचाने के लिए कृतिका भी पहुंचीं। उन्होंने आरोपी पर उनके साथ अभद्रता करने और कपड़े खींचने का भी आरोप लगाया है।
बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी हमला
कृतिका के मुताबिक, इसी दौरान उनके पिता अमरेश बहादुर सिंह बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया।
कैमूर में बाल सुधार गृह में एक बच्चे की मौत, परिजनों ने की जांच की मांग
कृतिका और उनकी बहन रितिका के मुताबिक, घटना के समय अंधेरा था और वे दोनों चीखती-चिल्लाती रहीं। उनके सामने ही अमरेश बहादुर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हमले में उनके चाचा मंजेश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए।
दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी सीयर ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मऊ रेफर कर दिया गया। मऊ में इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मंजेश सिंह को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।
बेटी बोली- आरोपियों का एनकाउंटर हो
पिता की मौत के बाद कृतिका सिंह ने पुलिस अधिकारियों के सामने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोपी को अपराधी प्रवृत्ति का बताते हुए एनकाउंटर जैसी कार्रवाई की मांग की।
कृतिका ने कहा कि उनके पिता की मौत उनकी आंखों के सामने हुई है और परिवार को न्याय मिलने तक वह पीछे नहीं हटेंगी। इसी आक्रोश के बीच उन्होंने यह भी कहा कि जब तक आरोपियों के घरों पर बुलडोजर नहीं चलता, तब तक वह अपने पिता का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।
‘अमरेश ही थे एकमात्र कमाऊ सदस्य’
मृतक की पत्नी कंचन सिंह ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। उन्होंने परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता की मांग करते हुए बताया कि अमरेश बहादुर सिंह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।
पति की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार ने सरकार से आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।
एसपी ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा
परिवार की मांग को देखते हुए एसपी ओमवीर सिंह ने भरोसा दिया कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर परिवार की हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने परिवार के भरण-पोषण के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दिलाने के संबंध में एसडीएम से बातचीत करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जब एसपी ने परिजनों को उनके पिता की मौत की जानकारी दी, तो परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पांच आरोपियों पर मुकदमा, तीन गिरफ्तार
मृतक की पुत्री कृतिका सिंह की तहरीर के आधार पर रामकरण सिंह समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
ASP उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि नामजद पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहै।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









