गाजियाबाद के तिबड़ा में दलित भाइयों से मारपीट:पंचायत घर में बैठे थे, लाठी-डंडों और आर से हमला; एक भाई अस्पताल रेफर
गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र के तिबड़ा गांव में मंगलवार रात करीब 9 बजे मारपीट की घटना हुई। एक दलित परिवार के दो भाइयों पर हमला किया गया। पीड़ित का आरोप है कि पंचायत घर में बैठे होने के दौरान एक आरोपी ने उसके कंधे से टक्कर मारकर विवाद शुरू किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित के मुताबिक, जब उसका भाई बीच-बचाव करने आया, तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियार और भैंस वाली आर से वार किए। इस हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के शरीर पर आर से वार के निशान भी मिले हैं।
पीड़ित ने बताया कि वह दलित समाज से आता है। उसका यह भी कहना है कि आरोपी झगड़ालू स्वभाव के हैं। किसी तरह जान बचाकर पीड़ित मोदीनगर थाने पहुंचा।
थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने पीड़ितों को मेडिकल जांच के लिए गोविंदपुरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गंभीर हालत के कारण एक घायल भाई को प्राथमिक इलाज के बाद निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पीड़ित ने मोदीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









