सफाई कर्मचारियों ने 2 सितंबर तक बढ़ाई हड़ताल, कचरे के ढेरों से जनता हलकान
हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक में सरकार के खिलाफ 2 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पूरे प्रदेश में आज सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है और जनता भी काफी परेशान है। सफाई कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक सरकार स्वीकृत समझौते के तहत मांगों को पूरा नहीं करती है, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। रविवार को सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में नगर पालिका कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने सरकार पर तानाशाही व वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए हड़ताल को आगे बढ़ाने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि जनता का कर्मचारियों को पूरा सहयोग मिल रहा है, लेकिन सरकार जायज मांगें पूरी करने की बजाय तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता को लेकर देशवासियों को जागरूक कर रहे हैं, वहीं हरियाणा सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा लाठियां चलाई जा रही हैं और उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। शास्त्री ने कहा कि स्वच्छता में सफाई कर्मचारियों की विशेष भूमिका होती है, लेकिन बड़े दुर्भाग्य की बात है कि पिछले 25 दिन से सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर सड़क पर आंदोलन करने पर मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि वह हड़ताल जनता को परेशान करने के लिए नहीं कर रहे हैं, अपितु जनता भी उनका समर्थन कर रही है, लेकिन सरकार है कि कुंभकर्णी नींद से नहीं जाग रही है। उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त, समान काम समान वेतन, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना उनकी प्रमुख मांगें हैं और जब तक सरकार उनकी मांग को पूरा नहीं करती है तब तक प्रदेश के सफाई कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे। साथ ही उन्होंने सरकार को चेताया कि अगर कर्मचारियों पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने का सरकार ने प्रयास किया तो इसके गंभीर परिणाम भी भुगतने होंगे। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को कुरुक्षेत्र में महापंचायत कर मुख्यमंत्री के घेराव का भी निर्णय लिया जाएगा।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र








