दलित बस्ती का मुख्य मार्ग जलमग्न:ग्रामीणों ने घुटने भर पानी में खड़े होकर किया प्रदर्शन
चंदौली के चहनिया स्थित पूरागणेश गांव की दलित बस्ती में जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर 12 बजे प्रदर्शन किया। गांव के मुख्य मार्ग से बस्ती तक जाने वाले संपर्क मार्ग पर घुटने तक पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि दलित बस्ती का मुख्य मार्ग निचले इलाके में है। हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी भर जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि यदि मार्ग पर मिट्टी डालकर उसे ऊंचा किया जाए और पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, तो जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। उनका कहना है कि इस समस्या के समाधान के लिए लंबे समय से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि घरों के सामने गहरा पानी जमा होने से बच्चों के डूबने का खतरा बना हुआ है। जलमग्न मार्ग से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी कठिनाई होती है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क को ऊंचा उठाकर पक्का निर्माण कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में बहादुर राम, शुभम, विनोद राम, बंशनारायण, कैलाश, व्यास, चंदन, रुस्तम, ललिता देवी, मालती देवी, राधिका देवी सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









