मुजफ्फरनगर में दलित छात्रा से गैंगरेप, डॉक्टर समेत 5 आरोपी भेजे गए जेल
यूपी मुजफ्फरनगर में दलित छात्रा से गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, साथ ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है|
मुजफ्फरनगर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय दलित नाबालिग के साथ कथित गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि करीब चार महीने तक नाबालिग को ब्लैकमेल कर अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ रेप किया जाता रहा. मामला तब सामने आया जब 17 अगस्त को नाबालिग को कथित तौर पर क्लीनिक बुलाया गया, जिसके बाद वह लापता हो गई. परिजनों की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है|
पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. इनमें आरोपी नाजिम, डॉक्टर मोहम्मद आदिल समेत अन्य आरोपी शामिल हैं. नाजिम को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था. वहीं, गुरुवार को पुलिस ने मामले में एक और आरोपी इरशाद अली उर्फ डॉक्टर सम्राट को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, मामले में छह नामजद आरोपियों में से अब तक पांच की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है|
गैंगरेप कर बनाई वीडियो, किया ब्लैकमेल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि करीब चार महीने पहले नाबालिग इलाज के लिए डॉक्टर आदिल के क्लीनिक पर गई थी. आरोप है कि वहीं उसके साथ रेप कर वीडियो बनाया गया और बाद में वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया. आरोप है कि इसके बाद नाबालिग को कथित तौर पर हर रविवार अलग-अलग लोगों के पास ले जाया जाता था और उसके साथ गैंगरेप किया जाता था. आरोपों के मुताबिक, सम्राट इंटर कॉलेज में भी नाबालिग के साथ ऐसी वारदातें की गईं|
परिवार वालों के मुताबिक, 17 अगस्त को नाबालिग को फिर क्लीनिक बुलाया गया, जिसके बाद वह लापता हो गई. चार दिन बाद पुलिस ने उसे बरामद किया. इसके बाद नाबालिग का मेडिकल कराया गया और मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए गए|
घटना के विरोध आयोजित हुई थी पंचायत
वहीं घटना के विरोध में 23 अगस्त को रामलीला टीले पर इस मामले को लेकर पंचायत आयोजित हुई, जिसमें पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान, यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल और महंत यशवीर महाराज समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. पंचायत में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई गई थी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए इरशाद अली उर्फ डॉक्टर सम्राट को भी गिरफ्तार कर लिया|
यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा, मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के रामलीला टीले पर लगभग 15 वर्ष की बालिका के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा पहले उसका अपहरण किया गया और फिर उसका गैंगरेप किया गया. लड़की को बरामद कर लिया गया है|
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि 18 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली पर यह सूचना मिली कि एक बालिक का अपहरण कर उसके साथ रेप किया गया. सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस द्वारा 360/26 एक मुकदमा थाना कोतवाली पर पंजीकृत किया गया. इस मुकदमे की विवेचना के दौरान महज दो दिनों में बालिक पीड़िता को बरामद किया गया|
उन्होंने कहा कि छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया. मजिस्ट्रेट के समक्ष उनके बयान कराए गए. साक्ष्य के आधार पर इन दो दिनों में चार अभिक्तों को गिरफ्तार कर मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा जेल भेज दिया गया. आज विवेचना की आगे की कार्रवाई में एक और अभियुक्त इरशाद अली उर्फ डॉक्टर सम्राट है. उनको गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है|
इस विवेचना को साक्ष्यों के आधार पर तुरंत निस्तारण किया जाएगा. और संगठित गिरोह इसे मानते हुए संगठित अपराध मानते हुए इसमें गैंगस्टर की कार्रवाई के साथ-साथ उनके अपराधी कृत्य से अर्जित संपत्ति पर भी कड़ा पर प्रहार मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा किया जाएगा|
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









