मुरादाबाद में दलित युवक पर जातिसूचक हमला:DJ देखने को लेकर सिर पर धारदार हथियार से वार, 5 पर केस
मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के सब्जीपुर गांव में एक दलित युवक पर जातिसूचक गालियां देते हुए धारदार हथियार से हमला किया गया। केरल से काम करके लौटे युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित अजीत कुमार पुत्र बलराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 17 अगस्त 2026 को रात करीब 8 बजे केरल से घर लौटा था। घर आने के बाद वह अपनी बाइक लेने मिस्त्री के पास गया था, जिसे सर्विस के लिए दिया गया था।
बाइक लेकर घर लौटते समय रास्ते में डीजे बज रहा था। अजीत ने डीजे देखने के लिए अपनी बाइक एक तरफ खड़ी कर दी। आरोप है कि कुछ देर बाद डीजे के पीछे से कुछ लड़के आए और उसे घेर लिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्द और गाली-गलौज करते हुए कहा, “तू तो चमार है और भीमटा है, तू तो भीम को मानता है, यहाँ तेरा क्या काम है।” इसके बाद चारों तरफ से घेर कर धारदार हथियार से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने यह भी कहा, “चमार के बच्चे तू क्या कर लेगा।”
तहरीर में पीड़ित ने मारपीट करने वाले आरोपियों के नाम बब्लू पुत्र शेर सिंह, आकाश पुत्र रामअवतार, आकाश पुत्र प्रकाश, चन्द्रसेन पुत्र करण सिंह और जैन पुत्र नेत्रपाल बताए हैं।
पाकबड़ा थाना प्रभारी ने अजीत कुमार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं सहित SC/ST अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









