परियांवा में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल:तीनों घायल दलित महिलाओं से मिलने पहुंचे मंत्री, एसपी को जल्द गिरफ्तारी करने को कहा
मोदनगंज प्रखंड के परियांवा गांव में जमीन विवाद को लेकर तीन महिलाओं के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि गांव के करीब 10 लोग एक परिवार के घर पहुंचे और 37 वर्षीय सीमा देवी, 30 वर्षीय अर्चना देवी और 52 वर्षीय जगिया देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की।
घटना में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में चल रहा है। मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपितों की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही, दर्ज एफआईआर वापस लेने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
मामले को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद शनिवार को बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचे और घायल महिलाओं से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली।
मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला एसपी किरण कुमार से फोन पर बात की। उन्होंने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
विधान पार्षद के भी गांव पहुंचने की बात
वहीं, भाकपा-माले विधान पार्षद शशि यादव के भी परियांवा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









