छात्रसंघ चुनाव की मांग पर DAVV में बड़ा बवाल… उग्र छात्रों ने तोड़ा विश्वविद्यालय का मेनगेट, शिकायत दर्ज
जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश से सितंबर में छात्रसंघ चुनाव होना है। मगर अभी तक राज्य शासन की तरफ से कोई आदेश नहीं आया है। इसे लेकर नाराज विद्यार्थियों ने बुधवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा किया।
, इंदौर। जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश से सितंबर में छात्रसंघ चुनाव होना है। मगर अभी तक राज्य शासन की तरफ से कोई आदेश नहीं आया है। इसे लेकर नाराज विद्यार्थियों ने बुधवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान उग्र हुए छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर का मेनगेट तोड़ दिया।
विद्यार्थियों के इस बर्ताव को लेकर विश्वविद्यालय के कर्मचारी और अधिकारियों ने इनका विरोध किया। बावजूद इसके नारेबाजी करते हुए कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई से मिलने पर अड़े रहे। मगर अधिकारियों को जल्द चुनाव करवाने को लेकर ज्ञापन सौंपा। उधर हंगामे की सूचना मिलते ही छोटी ग्वालटोली थाने से पुलिस बल पहुंचा।
साइकिल रैली निकालकर पहुंचे थे छात्र, जल्द तारीख घोषित करने की मांग पर अड़े
राजेंद्र नगर स्थित निजी कॉलेज के विद्यार्थी बुधवार को संस्थान में इकट्ठा हुए। छात्रनेता वीरेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने कॉलेज से आरएनटी मार्ग स्थित डीएवीवी तक साइकिल यात्रा निकाली। विश्वविद्यालय पहुंचते ही छात्रों ने छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। छात्रों की प्रमुख मांग है कि सितंबर में ही छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं और चुनाव की तारीख जल्द घोषित की जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं रखने और उनका प्रतिनिधित्व करने के लिए छात्रसंघ जरूरी है।
कर्मचारियों से बहस और मेनगेट पर झूमाझटकी, प्रशासन ने दर्ज कराई शिकायत
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब छात्रों ने विश्वविद्यालय के मेनगेट का चैनल गेट तोड़ दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्र विश्वविद्यालय परिसर में घुस गए। नारेबाजी करते हुए सीधे कुलगुरु कक्ष की ओर जाने लगे। इस दौरान विश्वविद्यालय के कर्मचारी और छात्रनेताओं के बीच जमकर बहस हुई। कर्मचारियों ने छात्रों के इस तरीके का विरोध किया। छात्रों के मुताबिक वे अपनी मांगों को लेकर कुलगुरु को ज्ञापन सौंपने आए थे, मगर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेनगेट बंद कर दिया। यह देखकर कुछ छात्र भड़क गए और गेट पर झूमाझटकी करने लगे। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का तर्क है कि चुनाव की तारीख शासन घोषित करेगा, उसके बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
मामले में छात्र कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ने थाने में लिखित आवेदन दिया है। विश्वविद्यालय ने प्रकरण दर्ज करने पर जोर दिया है। कुलसचिव प्रज्वल खरे का कहना है कि विद्यार्थियों का समूह छात्रसंघ की मांग करने आया था, मगर प्रदर्शन के दौरान मेनगेट तोड़ दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, इसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस कार्रवाई के डर से एआईसीटीएसएल की साइकिलें छोड़ भागे छात्र
कॉलेज से विश्वविद्यालय परिसर तक विद्यार्थियों ने साइकिल रैली निकाली। प्रदर्शन बढ़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। यह देखकर कुछ छात्र वहीं पर साइकिल छोड़कर परिसर से बाहर निकल गए। ये सभी एआईसीटीएसएल की माय बाइक (साइकिल) थीं। बाद में एजेंसी इन साइकिलों को ले गई।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









