दलित युवक पर हमला, जातिसूचक टिप्पणी का विरोध:असंद्रा में दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज
असंद्रा क्षेत्र के सिन्नी मजरे सड़वा भेलू गांव में एक दलित युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। यह हमला जातिसूचक टिप्पणी का विरोध करने पर हुआ। घटना में युवक और उसे बचाने आए कुछ अन्य लोगों को भी पीटा गया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के सिन्नी मजरे सड़वा भेलू गांव निवासी नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह वह गांव के संतोष साहू के घर के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि तभी आरोपी विश्राम साहू ने उन पर जातिसूचक टिप्पणी की और अपमानित किया। जब नरेंद्र ने इसका विरोध किया, तो विश्राम साहू ने अपने नौ अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।
आरोपियों में रामगोपाल, रामऔतार, बालकृष्ण, रामकृष्ण, राकेश कुमार, शिवशंकर, रामशंकर, विशम्भरनाथ और पटरंगा थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव निवासी राजेंद्र शामिल हैं। शिकायत के अनुसार, इन सभी ने जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडों, हंसिया और फावड़ा जैसे धारदार हथियारों से मारपीट की।
शोर सुनकर नरेंद्र को बचाने आए शिवदुलारी, चंद्रशेखर, जगप्रसाद, जितेंद्र, अनुज और शिवानी को भी हमलावरों ने पीटा।
पीड़ित नरेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने देर रात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 115(2), 118(1), 352, 351(3) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









