दलित व्यक्ति को मजदूरी से इनकार पर पीटा:शाहजहांपुर में दबंग ने गांव छोड़ने की धमकी दी, FIR दर्ज
शाहजहांपुर में एक दलित व्यक्ति को मजदूरी करने से इनकार करने पर कथित तौर पर पीटा गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उसे गांव छोड़ने की धमकी भी दी। यह घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना खुदागंज क्षेत्र के सूथा गांव के रहने वाले भगवान दास ने अपनी एफआईआर में बताया कि गांव के बसंत सिंह ने 14 जुलाई को उनसे अपने खेत में मजदूरी करने को कहा था। भगवान दास ने उस समय अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे होने के कारण मजदूरी करने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी बसंत सिंह रंजिश रखने लगा।
15 जुलाई की शाम करीब छह बजे, जब भगवान दास गांव में दक्षिणी सड़क के किनारे अपनी गाय चरा रहे थे, तभी आरोपी बसंत सिंह वहां आया। उसने भगवान दास के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर वह मजदूरी नहीं करेगा तो उसे गांव में नहीं रहने दिया जाएगा। इसके बाद बसंत सिंह ने भगवान दास के साथ मारपीट शुरू कर दी।
भगवान दास के चिल्लाने पर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। आरोपी बसंत सिंह वहां से जाते हुए भगवान दास को देख लेने और जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी दबंग किस्म का व्यक्ति है और उसके परिवार को जान-माल का खतरा है। भगवान दास ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी उसके परिवार के सदस्यों को पीट चुका है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भगवान दास की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









