दलित छात्रा ललिता गौतम कौन थीं? जिनकी मौत के बाद मेरठ में हो रहे जातिगत विरोध-प्रदर्शन
Dalit Student Murder Case: मेरठ की बीए छात्रा ललिता गौतम की हत्या ने पूरे जिले में हलचल मचा दी है. 20 वर्षीय दलित छात्रा की हत्या के बाद एक ओर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं दूसरी ओर इस मामले को लेकर जातिगत विरोध-प्रदर्शन भी तेज हो गए हैं|
मृतक ललिता गौतम की तस्वीर.
मेरठ: यूपी के मेरठ में बीए की छात्रा ललिता गौतम की हत्या का मामला अब जातिगत विरोध-प्रदर्शन का रूप ले चुका है. पुलिस के दावों के मुताबिक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मगर दलित संगठनों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन लोगों पर कार्रवाई की है जो अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. आइए जानते हैं आखिर ललिता गौतम कौन थीं, उनकी हत्या कैसे हुई और इस मामले ने इतना बड़ा रूप क्यों ले लिया?
कौन थीं ललिता गौतम?
20 वर्षीय ललिता गौतम बीए की स्टूडेंट थीं और वह मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र के गगन एंक्लेव में अपने पूरे परिवार के साथ रहती थीं. 15 मई को परीक्षा देने के लिए घर से निकली ललिता गौतम जब देर शाम तक वापस नहीं लौटीं. तो फैमिली के लोगों ने उनकी तलाश की मगर उनका कोई पता नहीं चला. जिसके बाद परिजनों ने थाना टीपी नगर में गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जिस दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में ललिता गांव कल्याणपुर निवासी अंकुश नाम के युवक के साथ दिखाई दीं. इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और कई टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी.
अब क्यों हो रहे हैं विरोध-प्रदर्शन?
ललिता गौतम दलित समाज से थीं. उनकी हत्या के बाद कई दलित संगठनों ने इस मामले को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिए. हाल के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर कई लोगों को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बाहरी लोग शामिल थे और कुछ लोगों को मामले की पूरी जानकारी तक नहीं थी. पुलिस का दावा है कि मृतका के भाई को भी कथित तौर पर झूठे लालच देकर प्रदर्शन में लाया गया. अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोग दलित राजनीति की आड़ में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे. माहौल खराब करने वालों की तलाश में पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.
ललिता गौतम की हत्या कैसे हुई?
पुलिस जांच के दौरान आरोपी अंकुश को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने ललिता की हत्या करने की बात कबूल कर ली. पुलिस के मुताबिक, अंकुश और ललिता के बीच प्रेम संबंध थे. घटना वाले दिन दोनों साथ थे. इसी दौरान आरोपी ने ललिता के मोबाइल फोन में कुछ फोटो और चैट देखीं, जिसके बाद उसे शक हुआ कि उसका किसी अन्य युवक से भी संबंध है.
पुलिस क्या कह रही है?
पुलिस के अनुसार, इसी शक और विवाद के चलते आरोपी ने ललिता की हत्या कर दी और शव को मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के उपसिया जंगल स्थित गन्ने के खेत में फेंक दिया. बाद में पुलिस ने वहीं से शव बरामद किया. मामले में मुख्य आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है.
सौजन्य :न्यूज़ 18
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://hindi.news18.com/news/utta पर किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









