गुलावठी में दलित किशोरी को भगा ले जाने का आरोप:ठाकुर युवक पर SC-ST एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
बुलंदशहर के गुलावठी कोतवाली क्षेत्र में एक 18 वर्षीय दलित किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की शिकायत पर गैर बिरादरी के एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
किशोरी की मां ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी बेटी को बरामद करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी को वह किसी काम से घर से बाहर गई थीं और उनकी बेटी घर पर अकेली थी। जब वह लौटीं तो बेटी घर से गायब मिली।
मां ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि गांव का ही एक युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है। इसके बाद मां ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने बीती रात 30 जनवरी की रात 10 बजे आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(वी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी सिकंद्राबाद भास्कर मिश्रा स्वयं कर रहे हैं।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pra पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









