दलित महिला पर धर्म बदलने का दबाव, अपहरण की धमकी,
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक दलित महिला के साथ दो युवकों ने छेड़छाड़ की। आरोप है कि दोनों आरोपी महिला पर धर्म बदलने का दबाव बना रहे हैं। वे उसे भद्दी भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपहरण की धमकी भी दे रहे हैं।
जस्टिस न्यूज
इस मामले में महिला ने एक वीडियो जारी कर जिला पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़िता का भाई भी छेड़छाड़ के आरोप में जेल में है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामूली धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को छोड़ दिया।
मझोला इलाके में रहने वाली महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने अपने गांव के दो युवकों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 126 और 135 के तहत मामला दर्ज किया।
शुक्रवार को महिला ने एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो अपलोड किया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसे सड़क पर रोककर अश्लील कमेंट कर रहे हैं। इन बदमाशों की हरकतों के कारण उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
वह लगातार डर के माहौल में जी रही है। आरोपी इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक और धमकी भरे मैसेज भेजकर उसे चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपी उस पर धर्म बदलने का दबाव बना रहे हैं। इससे पहले उसने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने गंभीर धाराओं के बजाय मामूली धाराओं के तहत FIR दर्ज की।









