दलित महिला से दुष्कर्म का प्रयास, भाइयों ने पीटा:खागा के हथगांव पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र में एक दलित महिला से दुष्कर्म के प्रयास और उसके बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। यह घटना पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के अपराध नियंत्रण प्रयासों पर सवाल खड़े करती है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि हरिशंकर उर्फ बच्चनिया विश्वकर्मा नामक युवक अचानक उसके घर में घुस आया, जब वह नहा रही थी। आरोपी ने बाथरूम में घुसकर पीड़िता को दबोच लिया और जमीन पर पटक कर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर हरिशंकर के भाई रिंकू विश्वकर्मा और पिंटू विश्वकर्मा भी घर में घुस आए।
दोनों भाइयों ने पीड़िता को जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। उन्होंने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके बाद वे फरार हो गए। पीड़िता ने तत्काल स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया।
सूत्रों के अनुसार, गांव का ही एक व्यक्ति इस प्रकरण को लेकर थाने में सक्रिय देखा गया है, जिससे पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच, आरोपी हरिशंकर उर्फ बच्चनिया विश्वकर्मा ने बातचीत में अपने भाइयों द्वारा मारपीट किए जाने की बात कबूल की है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जब इस संबंध में थाना प्रभारी दुर्गेश प्रसाद गुप्ता से मोबाइल के द्वारा संपर्क किया गया तो उनका कहना रहा की इस तरह का प्रकरण उनके संज्ञान में अभी नहीं आया है, हो सकता है पीड़िता थाने आई हो और शिकायती पत्र देकर चली गई हो।
प्रकरण की जांच कराई जाएगी और वास्तविकता में महिला के साथ अगर इस तरह का कृत्य आरोपियो के द्वारा किया गया है तो दोषियों को चिन्हित करते हुए कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.bhaskar.com/local/uttar-p पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









