गंजबासौदा में कांग्रेस के दलित नेता पर फायरिंग:डायला में 60 लोगों ने की तलवार और डंडे से मारपीट; कार के शीशे तोड़े
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त प्रदीप अहिरवार पर रविवार रात हमला हुआ। घटना डायला गांव में हनुमान मंदिर के पास हुई।
प्रदीप अहिरवार भोपाल से एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने साथी जगन्नाथ अहिरवार को ग्यारसपुर छोड़ने जा रहे थे। रात करीब 11:15 बजे डायला के पास हनुमान मंदिर के सामने कुछ लोगों ने उनकी कार को रोका।
नाम पूछकर किया हमला
हमलावरों ने प्रदीप का नाम पूछा और पहचान होते ही उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। आरोपियों ने तलवार से गाड़ी पर हमला किया और शीशे तोड़ दिए। प्रदीप और उनके साथी जान बचाकर भागे तो हमलावरों ने फायरिंग करते हुए पीछा किया।
गंजबासौदा थाने में केस दर्ज।
पीड़ित ने बताया कि हमलावर लगभग 60-70 लोग थे। सभी के हाथों में तलवार और डंडे थे। उन्होंने धमकी दी कि अगर दोबारा यहां से निकले तो जान से मार देंगे। प्रदीप किसी तरह गंजबासौदा थाने पहुंचे।
बलवा का मामला दर्ज
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परमार ने बताया कि 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradeshप्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









