Delhi News: एम्स में ट्रांसजेंडर केयर पर हुआ राष्ट्रीय परामर्श
नई दिल्ली। देशभर में ट्रांसजेंडर केयर के लिए जारी दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को लागू कराने के संबंध में एम्स में राष्ट्रीय परामर्श हुआ। परामर्श का केंद्रीय विषय देश भर में संस्थागत स्तर पर एसओपी का कार्यान्वयन था। इस परामर्श में ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में सभी एम्स संस्थानों के निदेशकों और प्लास्टिक सर्जरी, एंडोक्रिनोलॉजी, स्त्री रोग, मनोचिकित्सा, मनोविज्ञान, बाल रोग और नर्सिंग सहित 100 से अधिक हितधारकों ने हिस्सा लिया।
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। एम्स ने एसओपी के कार्यान्वयन में नेतृत्व करने के लिए संस्थागत प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मनीष सिंघल ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के सामने आने वाली बहुआयामी बाधाओं को दूर करने के लिए एकल देखभाल केंद्र पर एकीकृत चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक सहायता प्रणालियों की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने ट्रांसजेंडर स्वास्थ्य सेवाओं के निर्बाध कार्यान्वयन को सक्षम करने में आयुष्मान भारत योजना की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की। एम्स में प्लास्टिक, पुनर्निर्माण और बर्न सर्जरी विभाग में किए अग्रणी कार्यों के बारे में भी जानकारी साझा की। सामाजिक कार्यकर्ताओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधियों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी। इसमें समावेशी, सम्मानजनक और जरूरतों के आधार पर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया गया। वहीं डॉ. क्षितिजा सिंह और डॉ. विवेक दीक्षित ने ट्रांसजेंडर देखभाल में सम्मान और गैर-भेदभाव सुनिश्चित करने के लिए पैरामेडिकल और फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के संवेदीकरण और प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित किया।
सौजन्य : अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.amarujala.com पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









