Sambhal News: दलित परिवार को धमकाने वाले आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
Sambhal News: दलित परिवार को धमकाने वाले आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
असमोली (संभल)। ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव नहरौली में दूसरे समुदाय के युवक की धमकी के बाद दलित परिवार ने पलायन की चेतावनी दी तो पुलिस की नींद टूटी। सोमवार को पुलिस ने दलित परिवार को धमकाने वाले दूसरे समुदाय के आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नहरौली गांव निवासी अशोक वाल्मीकि के परिवार के साथ एक माह पहले दूसरे समुदाय के युवक ने घर में घुसकर मारपीट की थी। जिसमें उन्होंने आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से आरोपी पीड़ित परिवार को धमकाकर समझौता करने का दबाव बना रहा था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि समझौते से इन्कार करने पर 25 जुलाई को आरोपी उनके घर में घुस आया और समझौता न करने पर गांव छोड़कर जाने की धमकी दी। ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की भी धमकी दी। उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लगातार धमकी मिलने और पुलिस के कार्रवाई न करने से तंग आकर पीड़ित ने रविवार को पलायन करने की तैयारी शुरू कर दी। दलित परिवार के पलायन की जानकारी पुलिस को मिली तो सीओ असमोली आलोक सिद्दू पुलिस के साथ गांव पहुंचे और परिवार से वार्ता कर आरोपी पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। सोमवार को पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गांव निवासी हसनैन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सौजन्य: अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप से amarujala.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग केवल गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए किया गया है, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए








