दलितों की शादी में पहरेदारी करेगी पुलिस, घोड़े पर होगी खास नजर, आखिर क्यों जारी हुआ ऐसा ऑर्डर?
मलमास खत्म हो गया है. इसके साथ ही देशभर में शादी ब्याह का सिलसिला शुरू हो गया है. शादियों का सीजन शुरू होते ही राजस्थान पुलिस ने एक खास ऑर्डर जारी किया है. राजस्थान पुलिस को ऑर्डर दिया गया है कि वो पता करे कि प्रदेश में कहां कहां दलितों की शादी हो रही है? इन शादियों की पहरेदारी करने की जिम्मेदारी पुलिस को दी गई है|
दलितों की शादी पर पुलिस को खास वजह से नजर रखने का ऑर्डर दिया गया है. दरअसल पिछले दस साल में राजस्थान के अलग अलग जगहों से दलित दूल्हों को घोड़ी से उतारने के 138 मामले सामने आ चुके हैं. शादी में जब कोई दलित दूल्हा घोड़ी चढ़ता है तो ऊंची जाति के लोग उन्हें घोड़ी से उतार देते हैं. इस घटना का दोहराव इस बार ना हो, इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने ऑर्डर जारी किया है.
राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधिकारीयों को आदेश दिया है कि वो पता करें कि इस खरमास के बाद कितने दलित परिवार के घर शादियां हो रही है? इसके साथ ही कांस्टेबल क्षेत्र के पंच, सरपंच, पार्षद, पुलिस मित्र से बातचीत कर इन शादियों पर खास नजर रखे. शादी में ये ध्यान रखा जाए कि किसी दूल्हे को दलित होने की वजह से घोड़ी से ना उतारा जाए.
होगी तुरंत कार्यवाई
ऑर्डर में कहा गया है कि अगर किसी जगह पर दलित दूल्हे को घोड़ी से उतारे जाने का मामला सामने आएगा तो वहां तुरंत एक्शन लिया जाएगा. तुरंत दोषियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और उसपर कार्यवाई की जाएगी. बता दें कि पिछले दस साल में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं. अब खरमास खत्म होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने इसपर सख्ती बरतते हुए पहले ही पुलिस को दलितों की शादी में निगरानी की जिम्मेदारी दे दी है|
सौजन्य:न्यूज़ 18
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhindi.news18.com में प्रकाशित हुआ है |और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।









