राजस्थान: नाबालिग लड़की ने रेप के बाद की आत्महत्या, पानी की टंकी में तैरता मिला शव
राजस्थान के बाड़मेर में एक नाबालिग लड़की के रेप के बाद आत्महत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक रेप के बाद पीड़िता ने बदनामी के डर से आत्महत्या कर ली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने लड़की को झांसा देकर उसका रेप किया। गुरुवार को बाड़मेर जिले की शियो पुलिस ने पानी की टंकी से 16 साल की दलित नाबालिग का शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि लड़की ने पानी की टंकी में कूदकर आत्महत्याकर ली। इससे पहले बुधवार रात से ही वो अपने घर से गायब थी जिसके बाद गुरुवार को पुलिस को उसका शव पानी की टंकी में मिला।
घटना बाड़मेर के शियो थाना क्षेत्र के मोखाब इलाके की बताई जा रही है। शियो पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस अधिकारी चुन्नीलाल विश्नोई ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि किसी राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पानी की टंकी में तैरता हुआ लड़की का शव बरामद किया.
बुधवार को घर से हुई थी गाायब
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया पुलिस जांच में पता चला है कि आत्महत्या करने से पहले लड़की बुधवार रात को अपने घर से निकली थी। ये भी पता चला है कि लड़की एक आदमी के संपर्क में थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता को गुमराह करते हुए उसका रेप किया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पीड़िता ने सामाजिक बदनामी के डर से पानी की टंकी में कूदकर अपनी जान दे दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 305, पॉस्को और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









