दलित युवक को नल से नहीं भरने दिया पानी : कहासुनी के बाद दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटकर किया लहूलुहान, कार्रवाई को दी तहरीर
महोबा में पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित परिवार को कहना है कि सरकारी नल पर पानी भरने गए थे। इस दौरान पानी भरने से दूसरे पक्ष ने मना कर दिया और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग से अपमानित किया। इसकी शिकायत परिवार ने कोतवाली में की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महोबा में नल पर पानी भरने गए दलित युवक को पानी भरने से मना करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के टीकामऊ गांव में रहने वाला देवेंद्र कुमार अपने पिता राजेश के साथ पास में लगे सरकारी नल से पानी भरने के लिए गया थे। आरोप है कि जैसे ही पानी के बर्तन नल पर रखे तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने पानी भरने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
मौके पर पहुंचे लोगों ने समझाया
माैके पर पहुंचे लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले काे शांत कराया। आरोप है कि रात के समय अचानक तीनों दबंग घर पर लाठी डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंच गए। पीड़ित के पिता राजेश को गाली गलौज करने लगे। जब देवेंद्र ने इसका विरोध किया तो घर से घसीटते हुए बाहर ले आए और बेरहमी से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।
सिर पर किया हमला
आरोप है कि सिर में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई लेकिन पुलिस ने इसमें कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित परिवार ने नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराकर मेडिकल परीक्षण को भेज दिया। शहर कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है और घायल का मेडिकल परीक्षण कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है| मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित है!









