चौधरी उदयभान बोले- दलित, पिछड़े वर्ग को कल्याण योजना से वंचित करना चाहती है भाजपा
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार दलित, पिछड़े और गरीब वर्गों को शिक्षा, आरक्षण व कल्याणकारी योजनाओं से वंचित करना चाहती है। उदयभान ने कहा कि खट्टर सरकार ने सरकारी स्कूलों को बंद करके अपनी योजना पर अमल शुरू कर दिया है। यदि गलती से आदमपुर विधानसभा उपचुनाव मे भाजपा जीती तो वह वंचित वर्गों के बच्चों को शिक्षा देने वाले सरकारी स्कूलों को ताले लगाने का काम करेगी और यदि कांग्रेस जीतेगी तो सरकार को बंद किए गए स्कूलों को भी फिर से खोलना पड़ेगा और उनमें टीचर देने पड़ेंगे।
चौधरी उदयभान सोमवार को यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। वे यहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए हो रहे चुनाव में मतदान करने आए थे। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा, तमाम वरिष्ठ नेता और पार्टी डेलीगेट्स भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार ने क्रीमी लेयर की लिमिट आठ लाख से घटाकर छह लाख रुपए करके और आय को परिवार पहचान पत्र से जोड़कर पिछड़े वर्ग के लाखों परिवारों का आरक्षण छीन लिया। इसी तरह पिछड़ों के बाद धीरे-धीरे दलितों का आरक्षण भी खत्म किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने याद दिलाया कि सत्ता में आते ही खट्टर सरकार ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार द्वारा चलाई गई 100-100 गज के प्लॉट आवंटन की योजना को बंद किया था। इस योजना के तहत दलित, पिछड़े व गरीब वर्ग के चार लाख परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए थे और उन पर आवास बनाने के लिए लगभग एक-एक लाख रुपए की राशि दी गई थी। इसी तरह भाजपा सरकार ने एससी कमीशन को भंग करने का भी काम किया। खट्टर सरकार को गरीबों का यह उत्थान कभी गवारा नहीं रहा। यही वजह है कि खट्टर सरकार ने स्कूलों में गरीब बच्चों को मिलने वाला वजीफा भी बंद कर दिया। यहां तक की गरीब बच्चों की छात्रवृत्ति में खट्टर सरकार के दौरान करोड़ों रुपए का घोटाला भी हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मूल विचारधारा ही दलित विरोधी है। यही वजह है कि एक दलित के बेटे के अध्यक्ष बनने पर पूरी भाजपा और दलित विरोधी मानसिकता से पीड़ित कुलदीप बिश्नोई जैसे नेताओं में खलबली मच गई। इसीलिए कुलदीप बिश्नोई ने दलित प्रदेश अध्यक्ष के विरोध में कांग्रेस के साथ गद्दारी की और दलित विरोधी विचारधारा वाली पार्टी भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।
सौजन्य : Divyahimachal
नोट : यह समाचार मूलरूप से divyahimachal.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









