मोदीनगर में दबंगों ने दलित छात्र को बेरहमी से पीटा, घटना का वीडियो वायरल
दिल्ली-मेरठ हाईवे पर निर्माणाधीन रैपिड रेल साइट की बैरिकेडिंग के अंदर दलित छात्र को दबंगों द्वारा बेरहमी से पीटा गया। युवक को जातिसूचक शब्द भी कहे गए। घटना 15 सितंबर की है। घटना का वीडियो गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिसमें आरोपितों की करतूत दिख रही है।
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर छात्र के स्वजन ने गुरुवार को थाने पर जमकर हंगामा किया। थाना प्रभारी से आश्वासन मिलने पर वे शांत हुए। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है। मोदीनगर थाना क्षेत्र की फफराना बस्ती कालोनी के पप्पू कुमार का बेटा रोहन दिल्ली-मेरठ हाईवे पर दुहाई स्थित एक इंजीनियरिंग कालेज में बीटेक के छात्र हैं। एक वीडियो गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें तीन-चार दबंग युवक उन्हें बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं।
डंडे से भी युवक को पीटा जा रहा है। रोहन आरोपितों से खुद को छोड़ने के लिए मिन्नते कर रहा है, लेकिन आरोपित उसे पीटे जा रहे हैं। रोहन के मुताबिक, घटना 15 सितंबर की है। कालेज से लौटते समय आरोपित उन्हें दुहाई के निकट ही रैपिड रेल की साइट पर बैरिकेडिंग में ले गए थे। वहां पहले से आरोपित के साथी मौजूद थे। उन्होंने ताबड़तोड़ कई चाटे भी उन्हें मारे। इसके बाद वीडियो प्रसारित कर दिया।
पिता पप्पू ने बताया कि तभी से रोहन कालेज नहीं जा रहा था। गुरुवार को जब सख्ती से पूछा तो रोहन ने आपबीती सुनाई। वे तुरंत मुरादनगर थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ शिकायत की। वहां हंगामा करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले में मुरादनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपित पुलिस गिरफ्त में होंगे।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









