अन्तरजातीय कोर्ट मैरिज से दो परिवारों में टकराव
बहराइच। सुजौली थाने के एक गांव निवासी दलित युवक ने चौहान जाति की युवती से कोर्ट मैरिज की है। जिसके चलते दोनों परिवारों में टकराव की स्थित बन गई है। इस दलित परिवार को मोहरा बना कुछ लोग दलित उत्पीड़न अधिनियम में दूसरे पक्ष पर केस दर्ज कराने की जद्दोजहद कर रहे हैं।
सुजौली थाने के एक गांव निवासी दलित युवक एक वर्ष पूर्व गांव की ही एक किशोरी को अपने साथ लेकर चला गया था। तब मामला थाने आने पर पुलिस ने किशोरी को बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया था। किशोरी के बालिग होने पर कुछ माह पूर्व प्रेमी प्रेमिका फिर चले गए। इस बार उन्होंने हाईकोर्ट में हाजिर होकर एक साथ रहने की इच्छा जता कर कोर्ट मैरिज भी कर ली। कुछ दिन पूर्व युवक व युवती गांव आ गए।
जिसके चलते दोनों परिवारों में टकराव के हालात पनपने लगे। तीन दिन पूर्व टकराव के हालत बनने पर जानकारी पुलिस को हुई। थानाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने युवक को सलाह दी कि वह इस गांव में न रहकर अन्यत्र प्रवास करे। ताकि आए दिन आमने-सामने आने पर टकराव की हालत न बने। थानाध्यक्ष ने बताया कि कुछ लोग दलित परिवार को उकसा कर दूसरे पक्ष पर केस दर्ज कराना चाहते हैं।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









