आइआइटी के प्रोफेसर को मिला आपत्तिजनक ई-मेल, पुलिस कर रही जांच
कानपुर : आइआइटी कानपुर में चला आ रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एयरोस्पेस इंजीनियङ्क्षरग विभाग के प्रो. सुब्रमण्यम सडरेला के साथ भेदभाव के मामले में बोर्ड ऑफ गवर्नेंस (बीओजी) के सख्त निर्णय के बावजूद फिर नया मोड़ आ गया है। अब प्रो. सुब्रमण्यम ने आपत्तिजनक ई-मेल मिलने की शिकायत पुलिस से की है, मामले की जांच शुरू की गई है।
सीओ कल्याणपुर राजेश पांडेय के मुताबिक प्रो. सडरेला उनके पास आए थे। उनके पास आपत्तिजनक ई-मेल आई है। उसमें कुछ कमेंट्स किए गए हैं। उन्होंने मेल आइडी चेक करने के साथ ही उसे फर्जी तरीके से बनाने वाले की जानकारी मांगी है। प्रो. सडरेला ने मेल का जवाब देने का प्रयास किया, लेकिन वह फेल हो गया।
बता दें, प्रो. सडरेला ने छह माह पूर्व विभाग के कई प्रोफेसरों पर जातिगत आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया था। मामले में इंटर्नल कमेटी ने जांच की, जिसमें चार प्रोफेसरों को दोषी ठहराया गया। कमेटी में एकेटीयू के कुलपति प्रो. विनय पाठक व अन्य अधिकारी शामिल रहे। इसी बीच एससी-एसटी आयोग ने चारों प्रोफेसरों के खिलाफ मुकदमे का निर्देश दिया। आरोपित प्रोफेसर ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया। संस्थान ने रिटायर्ड जज से मामले की जांच कराई तो उन्होंने भी चारों को दोषी माना। सुनवाई के लिए बीओजी की बैठक बुलाई गई। इसमें तीन प्रोफेसरों की पदावनति और एक को चेतावनी जारी की गई।
साभार : दैनिक जागरण









