दलित संगठनों ने किया धरना प्रदर्शन, ज्ञापन देने जाते समय पुलिस से हुई झड़प
फतेहपुर में विगत दिनों थाने में एटीएम हैकर बताकर पूछताछ के दौरान युवक को थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया। इससे युवक की मौत हो गई थी। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने इंस्पेक्टर,एसआई, सिपाही सहित चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
इनकी गिरफ्तारी न होने से नाराज दलित संगठनों ने आज नहर कॉलोनी में धरना प्रदर्शन करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के गिरफ्तारी की मांग किया साथ ही राजपाल के नाम डीएम को ज्ञापन देने जाते समय पुलिस द्वारा रोके जाने से झड़प भी हुई। जिला मुख्यालय स्थित नहर कॉलोनी में मृतक सतेंद्र कोरी जिसकी विगत 9 अक्टूबर को राधा नगर पुलिस चौकी जो अब थाना घोषित हो गया है पुलिस कर्मियों द्वारा एटीएम हैकर बताकर 4 दिन से पूछताछ कर रही थी।
गिरफ्तारी न होने से आक्रोश
उसे थर्ड डिग्री देने से उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के भाई अरविंद सिंह की तहरीर पर सदर कोतवाली में राधा नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह, एसआई विकास सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र यादव सहित चार अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी न होने से नाराज दलित संगठनों ने दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
सुरक्षा देने की मांग
मृतक सत्येंद्र कोरी को न्याय दिलाने के लिए भीम आर्मी, अंबेडकर सेना संगठन, वीरांगना झलकारी बाई संगठन, सुहेलदेव आर्मी संगठन, बीकेएस इंडियन संगठन ने सामूहिक रूप से महामहिम राज्यपाल के नाम डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजते हुए दोषी पुलिसकर्मियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ मृतक के भाई को सुरक्षा देने की मांग की है। धरना प्रदर्शन के बाद नहर कॉलोनी से कलेक्ट्रेट डीएम को ज्ञापन देने जाते समय पुलिस बल द्वारा नहर कॉलोनी गेट पर रोके जाने पर पुलिस से हल्की-फुल्की झड़प भी हुई।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
मौके पर मौजूद एसडीएम और सीओ ने मामले को संभालते हुए ज्ञापन लिया और दोषी पुलिसकर्मी को जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रयागराज मंडल भीम आर्मी के उपेंद्र कुमार ने कहा कि जिस तरह से पुलिस कर्मियों द्वारा पूछताछ के नाम पर मेडिकल लाइन में एमआर का काम करने वाले सत्येंद्र की हत्या की गई है ऐसे दोषी पुलिसकर्मियों को मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार
इसको लेकर महामहिम राजपाल के नाम ज्ञापन भेजकर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की गई है। आपको बता दें कि युवक की मौत बाद एसपी राजेश कुमार सिंह ने दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था और मुकदमा दर्ज होने बाद से सभी फरार चल रहे है।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









