शाहबाद में भाजपा नेता को किया नजरबंद:कहा- मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उच्च नेताओं ने जाने से रोका, दलित होने की वजह से हो रहा शोषण
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन रामपुर में हुआ। उससे पहले ही कोतवाली क्षेत्र के गांव नादरगंज के रहने वाले भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के नेता डॉ वेदप्रकाश सागर को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। जिसके बाद नेता ने पार्टी के उच्च नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।
जिले के पार्टी नेताओं पर लगाया शोषण का आरोप
डॉ वेद प्रकाश सागर ने जिले के उच्च नेताओं पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसको मुख्यमंत्री कार्यक्रम में जाने से रोका गया, क्योंकि वह एक दलित कार्यकर्ता है। सुबह 7:30 बजे से बिना किसी कारण ही कोतवाली शाहाबाद में बैठाया गया।
कुछ नेता नहीं चाहते की एक दलित आगे बढ़े
वेद प्रकाश सागर का यह भी आरोप है कि शाहबाद के और जिले के कुछ पदाधिकारी नेता नहीं चाहते कि एक दलित आगे बढ़े। नहीं चाहते कि उनके मुकाबले कोई दलित पार्टी में उनसे आगे बढ़कर काम करें। दलितों की अनदेखी की जा रही है उनका शोषण किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से संबंधितों पर की कार्रवाई की मांग
डॉ वेदप्रकाश सागर जिला उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा भाजपा ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष से हाथ जोड़कर अनुरोध किया है कि जिन लोगों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जाने से रोका है। उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और माफीनामा दिलवाया जाए।
कोतवाली में मिलने आए थे नेता- पुलिस
पुलिस क्षेत्राधिकारी मिलक/ शाहबाद अतुल कुमार पांडे ने बताया की उन्हें इस तरह की कोई जानकारी नहीं है। वही कोतवाल शाहबाद अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि वह कल शाम भी मिलने आए थे और आज भी मिलने आए थे लेकिन मैं उनको मिला नहीं था। इसलिए उन्होंने मेरा कोतवाली में इंतजार किया था। उनको पुलिस ने नजर बंद नहीं किया था।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









