दलित पर जानलेवा हमले के आरोपी को आजीवन करावास
आजमगढ़. दलित पर जानलेवा हमले के मुकदमें की सुनवाई पूरी होने के बाद विशेष न्यायाधीश एससी एसटी कोर्ट शिवचंद की अदालत ने एक आरोपी को आजीवन करावास तथा तीस हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। इस मामले में एक आरोपी की पहले ही मौत हो चुकी है।
मुकदमें के अनुसार घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के डीहा गांव की है। पीड़ित शिवपूजन पुत्र हरगुन राम ने 26 नवंबर 1999 की रात आठ बजे शौच के लिए खेत की तरफ जा रहा था। तभी पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही रामनाथ यादव पुत्र रामबली तथा शंकर यादव पुत्र धन्नू यादव पीड़ित शिवपूजन को जातिसूचक गाली देते हुए उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिये थे। पीड़ित की चीखपुकार पर उसके लड़के व अन्य लोग आ गये तब हमलावर भाग गए। इस मामले में पीड़ित ने जहानागंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज करायी थी।
जहानागंज पुलिस ने जाँच पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। दौरान मुकदमा आरोपी रामनाथ की मृत्यु हो गई थी। अभियोजन अधिकारी मानिकचंद यादव तथा आलोक त्रिपाठी ने वादी मुकदमा शिवपूजन, रामपूज, विजय शंकर, सेवानिवृत्त सीओ छोटेलाल, चीफ फार्मासिस्ट श्रीकांत चतुर्वेदी तथा हेड कॉन्स्टेबल रामलखन को बतौर गवाह कोर्ट में परीक्षित कराया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश एससी एसटी कोर्ट शिवचंद की अदालत ने मंगलवार को एक आरोपी को आजीवन कारावास तथा तीस हजार रुपये जुर्मानेे की सजा सुनाई।
चौकीदार के पुत्र की हत्या में शामिल चार गिरफ्तार
आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में हुई चौकीदार के पुत्र की हत्या में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार जमीन विवाद में लाठी डंडे से पीटकर हत्या की गई थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज था।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में 13 जून की देर शाम 54 वर्षीय चन्द्रशेखर सरोज पुत्र दुधई सरोज को गांव के बाहर अज्ञात लोगों ने लाठी डंडा से मार कर घायल कर दिया था। उपचार के दौरान 24 जून को चंद्रशेखर की मौत हो गई थी। पुलिस अज्ञात के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज जांच कर रही थी। घटना की जांच कर रहे उप निरीक्षक आसिफ खां ने बताया कि जांचोपरांत छह लोगों का नाम प्रकाश में आया। सोमवार की रात में पुलिस ने अभियुक्तो के घर छपामारी की। घटना में शामिल अभियुक्तों आकाश सरोज पुत्र रामअवतार, विशाल सरोज पुत्र रानमेजय सरोज, अरुण सरोज पुत्र रामधारी, अंगद पुत्र वीरेंद्र सरोज निवासीगण जाफरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
सौजन्य : Patrika
नोट : यह समाचार मूलरूप से patrika.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









