ओडिशा में सामाजिक कार्यकर्ता रैंडल सिक्वेरा और दलित कार्यकर्ता लक्ष्मण नायक की गिरफ्तारी पर चिंता, रिहाई की मांग
रोजी रोटी अधिकार अभियान ने ओडिशा में सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रैंडल सिक्वेरा और दलित कार्यकर्ता लक्ष्मण नायक की गिरफ्तारी पर चिंता जताई है. संगठन का आरोप है कि दोनों को हिरासत में लेने के दौरान जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया. संगठन ने निष्पक्ष जांच और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की है|
नई दिल्ली: ओडिशा में सामाजिक कार्यकर्ता डॉक्टर रैंडल सिक्वेरा और दलित कार्यकर्ता लक्ष्मण नायक की गिरफ्तारी को लेकर रोजी रोटी अधिकार अभियान संगठन ने चिंता जताई है. संगठन ने दोनों के साथ एकजुटता दिखाते हुए उनकी गिरफ्तारी से जुड़े मामले में न्याय सुनिश्चित करने और कार्यकर्ताओं तथा जन आंदोलनों को निशाना बनाकर किए जा रहे उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की है|
19 अक्टूबर को जारी बयान में संगठन ने कहा कि दोनों कार्यकर्ता आदिवासी और दलित समुदायों के जल, जंगल, जमीन, आजीविका और बुनियादी अधिकारों की रक्षा के लिए चल रहे संघर्षों से जुड़े रहे हैं|
बयान के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने डॉ. रैंडल सिक्वेरा के भवानीपटना स्थित घर से दोनों को हिरासत में लिया. संगठन का आरोप है कि पुलिस ने घर में प्रवेश करते समय कार्रवाई का कारण नहीं बताया और न ही कोई वारंट दिखाया|
बयान में कहा गया है कि दोनों को रातभर हिरासत में रखा गया. इस दौरान उनके परिवार और वकील यह पता लगाने की कोशिश करते रहे कि उन्हें कहां ले जाया गया है. बाद में दोनों को रायगड़ा ले जाया गया, जहां शाम करीब 6:30 बजे उप-मंडलीय न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसडीजेएम) के सामने पेश करने के बाद उन्हें रायगड़ा उप-जेल भेज दिया गया|
रोजी रोटी अधिकार अभियान ने कहा, ‘इन दोनों की गिरफ्तारी कई गंभीर सवाल खड़े करती है. जो लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे समुदायों के साथ खड़े होते हैं, उन्हें पुलिस कार्रवाई और आपराधिक मुकदमों के जरिए परेशान किया जाना बेहद चिंताजनक है|
द वायर की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ. रैंडल सिक्वेरा एक चिकित्सक और सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने ओडिशा के कालाहांडी और रायगड़ा जिलों में आदिवासी समुदायों के बीच काम किया है. लक्ष्मण नायक दलित कार्यकर्ता हैं और मां माटी माली सुरक्षा मंच तथा समाजवादी जन परिषद से जुड़े हुए हैं. दोनों खनन परियोजनाओं के विरोध और स्थानीय समुदायों के अधिकारों से जुड़े संघर्षों में सक्रिय रहे हैं|
ओडिशा के दक्षिणी जिलों में आदिवासी और दलित समुदाय बॉक्साइट खनन परियोजनाओं के खिलाफ विरोध कर रहे हैं. इन समुदायों की प्रमुख चिंताओं में अपनी जमीन, जंगल, जलस्रोत और आजीविका की रक्षा करना शामिल है|
किस मामले में हुई गिरफ्तारी?
प्रेस रिलीज के मुताबिक, दोनों की गिरफ्तारी रायगड़ा जिले के काशीपुर पुलिस थाने में दर्ज केस संख्या 85/2026 से जुड़ी है. यह मामला 6 और 7 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात कांटामाल गांव में हुई एक घटना से संबंधित है. उस दौरान ग्रामीणों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की खबरें सामने आई थीं. इस घटना में ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है|
अभियान ने दावा किया है कि डॉ. रैंडल और लक्ष्मण नायक के नाम इस मामले की एफआईआर में दर्ज नहीं हैं. संगठन ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए जाने और हिरासत के दौरान कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं|
रोजी रोटी अधिकार अभियान ने इन पहलुओं की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि हिरासत में लेने की कार्रवाई कानून के मुताबिक होनी चाहिए और परिवार तथा वकीलों को समय पर जरूरी जानकारी दी जानी चाहिए|
लिंगराज आज़ाद की रिहाई की मांग
रोजी रोटी अधिकार अभियान ने कार्यकर्ता लिंगराज आज़ाद की लगातार हिरासत पर भी चिंता जताई है. संगठन के मुताबिक, वह पिछले छह महीनों से जेल में बंद हैं. अभियान ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है| बयान में कहा गया है, ‘रोजी रोटी अधिकार अभियान का मानना है कि भूख और कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा के संघर्ष से अलग नहीं किया जा सकता.’
संगठन ने कहा कि आदिवासी और दलित समुदायों के लिए जमीन, जंगल और पानी उनकी आजीविका, भोजन, संस्कृति और जीवन का आधार हैं. खनन और दूसरी परियोजनाओं के कारण लोगों के विस्थापन से उनके रोजगार और भोजन के अधिकार पर भी असर पड़ता है|
अभियान ने मांग की कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को डराने या कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए. साथ ही, पुलिस कार्रवाई को लेकर सामने आई शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाए और गैरकानूनी कार्रवाई या दुर्व्यवहार की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए| बयान के अंत में संगठन ने कहा कि भोजन के अधिकार की लड़ाई जल-जंगल-जमीन की रक्षा और विस्थापन तथा अन्याय के खिलाफ संघर्ष से जुड़ी हुई है|
सौजन्य : समाचार
माध्यम : समाचार पत्र









