IIT बॉम्बे सुसाइड केस में प्रोफेसर डुल्ला से 8 घंटे पूछताछ, बयान दर्ज; डायरेक्टर केदारे को भी बुला सकती है क्राइम ब्रांच
IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डुल्ला से करीब 8 घंटे पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया। साहिल के माता-पिता ने प्रोफेसर डुल्ला पर बेटे को परेशान करने का आरोप लगाया था। प्रोफेसर ने पूछताछ के दौरान इन आरोपों से इनकार किया।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच IIT बॉम्बे के डायरेक्टर शिरीष केदारे को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। क्राइम ब्रांच अब तक साहिल के माता-पिता और क्लासमेट समेत करीब 50 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। जांच टीम परीक्षा हॉल की CCTV फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि साहिल के साथ परीक्षा के दौरान और उसके बाद हुई घटनाओं की कड़ी जोड़ी जा सके।
इधर, मुंबई के आजाद मैदान में साहिल के माता-पिता पिछले 6 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वे प्रोफेसर डुल्ला की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है। 22 साल का साहिल IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेड सेकेंड ईयर का छात्र था। 18 सितंबर की शाम वह हॉस्टल के कमरे में मृत मिला। मौत से कुछ घंटे पहले वह मिड-सेमेस्टर एग्जाम में मोबाइल फोन से साथ पकड़ा गया था।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









