दलित महिला की झोपड़ी तोड़ने और सामान फेंकने का आरोप:कई शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, अब तहसील दिवस में दिया प्रार्थना पत्र
दबंगों ने एक दलित महिला की जमीन पर तोड़फोड़ कर कब्जा कर लिया है। कई शिकायतें करने के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद महिला ने तहसील दिवस में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
ठठिया थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव के धूरपुर निवासी अनिता ने शनिवार को तिर्वा तहसील दिवस में अधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र दिया। महिला का आरोप है कि गाटा संख्या 1376 और 1378 ग्राम पंचायत में दर्ज है।
अनिता ने बताया कि दबंगों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से उनकी झोपड़ी और खोखा तोड़कर सामान सड़क पर फेंक दिया। महिला का यह भी आरोप है कि दबंगों ने गाटा संख्या 1377 में जमीन का बैनामा कराया है, लेकिन राजस्व विभाग की मदद से उनके साथ अन्याय हो रहा है।
महिला ने कार्रवाई के लिए पुलिस और राजस्व विभाग को कई प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। शनिवार को नीली क्रांति बहुजन एकता संगठन के प्रदेश सचिव अरविंद जाटव और जिला अध्यक्ष करन कुमार की अगुवाई में उन्होंने तहसील दिवस में लिखित शिकायत दी।
क्षेत्रीय लेखपाल रामदास ने बताया की नयाब तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम की मौजूदगी मे नियमानुसार कार्यवाही की गई है।
तिर्वा उपजिलाधिकारी वैशाली ने बताया कि प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









