दलित युवक की मौत, चंद्रशेखर ने परिवार से की बात:हापुड़ पुलिस ने बाहरी लोगों को रोका, 6 आरोपी गिरफ्तार; 7 की तलाश
हापुड़ के बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में घायल दलित युवक दीपक की मौत के बाद सियासत गरमा गई है। रविवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद गांव और आसपास के इलाके में नाराजगी का माहौल है। पुलिस सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी कर रही है।
शुक्रवार को हुआ था विवाद
शुक्रवार को बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान दलित पक्ष के घरों में घुसकर पथराव और फायरिंग की गई। घटना में एक महिला समेत तीन लोग घायल हुए थे।
घायलों में दीपक की हालत गंभीर थी। उसे इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई।
चंद्रशेखर ने वीडियो कॉल पर की बात
दीपक की मौत की जानकारी मिलने के बाद नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो कॉल के जरिए उसके परिवार से बात की। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने घटना से पहले की परिस्थितियों और पुलिस की भूमिका की भी जांच कराने की बात कही, ताकि यदि कहीं लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारी तय हो सके।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक मदद देने की भी मांग की।
पूर्व विधायक भी पहुंचे, गांव में एंट्री रोकी
मेरठ के पूर्व विधायक योगेश वर्मा सोमवार दोपहर कार्यकर्ताओं के साथ बदनौली गांव पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बाहरी लोगों को गांव के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद पूर्व विधायक की गांव के बाहर ही परिवार के एक सदस्य से मुलाकात कराई गई। मुलाकात के बाद वह वापस लौट गए।
पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं 7 नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









