नवाबगंज में दलित को बंधक बनाकर पीटा, कार छीनी:एक लाख कर्ज चुकाने के बाद 50 हजार की अतिरिक्त मांग
शंकर लाल नामक दलित व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बदन सिंह नामक व्यक्ति पर ब्याज के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शंकर लाल की पत्नी रीना के अनुसार, लगभग छह महीने पहले शंकर लाल ने अपनी इको कार के लिए बदन सिंह से एक लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। आरोप है कि वे अब तक ब्याज सहित करीब डेढ़ लाख रुपये चुका चुके हैं। इसके बावजूद, बदन सिंह की ओर से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है। रीना ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त को दोपहर करीब 2 से 3 बजे शंकर लाल को बार-बार फोन कर भाग्यश्री के घर बुलाया गया।
जब शंकर लाल काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो रीना उन्हें देखने पहुंचीं। वहां उन्हें शंकर लाल को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट किए जाने की जानकारी मिली। आरोप है कि दबंगों ने शंकर लाल की इको कार भी अपने कब्जे में ले ली और 50 हजार रुपये देने के बाद ही कार वापस करने की बात कही।
रीना ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और कार वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









