72 दलित पट्टों की जमीन पर कब्जा:विरोध करने पर महिलाओं से मारपीट, DM से लगाई गुहार
मेरठ के सरधना तहसील के फलावदा स्थित निलोहा गांव में 72 दलित पट्टों की जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। जब पट्टेदार महिलाएं अपने कागजात लेकर जमीन पर पहुंचीं, तो उनके साथ मारपीट की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़ितों ने जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह से मिलकर मामले की जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सरधना तहसील के निलोहा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि बसपा सरकार के दौरान दलितों को ये पट्टे की जमीनें आवंटित की गई थीं। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, यह जमीन लगभग 750 बीघा है और सभी ग्रामीणों के पास पट्टे के वैध दस्तावेज हैं। हालांकि, दस्तावेजों में जमीन उनके नाम होने के बावजूद, गांव के दबंगों ने इस पर कब्जा कर रखा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जब वे अपनी जमीन पर खेती करने जाते हैं, तो दबंग ट्रैक्टर चलाकर उनकी फसलें बर्बाद कर देते हैं। इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने सत्ते प्रधान, मुकेश प्रधान, ओमपाल, अजय कुमार, देवी लाल, राजवीर और विनोद सहित अन्य लोगों पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित तहसील और थाने में भी शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, उनकी शिकायतों को जमीन विवाद बताकर टाल दिया गया और कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को अपनी समस्या बताई और आरोप लगाया कि दबंग महिलाएं तक को नहीं छोड़ते और उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









