टिहरी दलित किशोर मौत मामला, पॉक्सो मामले में फरार अभियुक्त गिरफ्तार
अभियुक्त को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रताप नगर की जनता ने जिला प्रशासन से कई बार मांग की थी
टिहरी: लंबगांव क्षेत्र में दलित किशोर मौत मामला एक बार फिर से चर्चाओं में है. इस मामले में नाबालिग पीड़िता की माता की तहरीर के आधार पर थाना लंबगांव में बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था. जिसके बाद आज दलित किशोर के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है|
विवेचना के दौरान पीड़िता के धारा 180 व 183 बीएनएसएस के कथनों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है. अभियुक्त को आज कोर्ट में पेश किया गया|
अभियुक्त को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रताप नगर की जनता ने जिला प्रशासन से कई बार मांग की थी. जिस पर पुलिस लगातार अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही थी और आखिरकार अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है|
बता दें दलित किशोर की एक लड़की से दोस्ती (प्रेम प्रसंग) थी. बीती 7-8 जून की रात लड़की का फोन आने पर वो अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर उससे मिलने गया था. जहां लड़की के परिजनों ने उसे वहीं पकड़ लिया. जिसके बाद उन्होंने दलित किशोर और उसके दोस्त को बंधक बना लिया. बताया गया कि उनके साथ मारपीट की गई. जिससे दोनों को गंभीर चोटें आई. जिससे दलित किशोर की मौत हो गई|
दलित किशोर की मौत के बाद ये मामला हाईप्रोफाइल हो गया. इस मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ. इसके बाद उत्तर प्रदेश की नगीना संसदीय सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी दलित किशोर के घर पहुंचे. जहां सांसद चंद्रशेखर आजाद ने दलित किशोर के परिजनों से मुलाकात कर उनकी मदद का भरोसा दिया. साथ ही उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की|
इसके बाद भी इस मामले को लेकर दूसरे भी कई खुलासे हुये. वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से दलित किशोर के दोस्त की गिरफ्तारी की भी मांग हुई. जिसे आज गिरफ्तार कर लिया गया है|
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









