नोएडा: अंतर्जातीय प्रेम विवाह के बाद दलित युवती पर ससुराल वालों का उत्पीड़न, नौ आरोपी के खिलाफ FIR
नोएडा। हाइटेक सिटी नोएडा में एक दलित युवती को उच्च समाज के युवक से प्रेम विवाह करना भारी पड़ रहा है। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उसका लगातार उत्पीड़न कर रहे हैं। उसके साथ उसके जेठ ने अश्लील हरकत की, तथा जाति सूचक शब्द कहा जा रहा है। पीड़िता के अनुसार उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया है। इस मामले में महिला ने नौ लोगों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 5 फरवरी वर्ष 2018 को उसकी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार भरत शर्मा पुत्र रविंद्र शर्मा निवासी निठारी गांव से प्रेम विवाह हुआ था। पीड़िता के अनुसार शादी के समय उसके मायके पक्ष के लोगों ने 25 लाख रुपए खर्च किया, जिसमें जेवरात आदि दिया गया। पीड़िता के अनुसार यह एक अंतर्जातीय प्रेम विवाह था। शादी के समय से उसके ससुराल पक्ष के लोग 50 लाख रुपए की दहेज की मांग करने लगे। महिला के अनुसार आए दिन उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे नीच जाति के होने का ताना देते है।
पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे नीच जाति के संबोधन से संबोधित करते हुए पुकारते है तथा उसके पति से बोलते है कि किस नीच जाति की लड़की से शादी करके घर लाया है। उनका यह भी आरोप है कि उसके ननदोई उसके हाथ का बनाया खाना नहीं खाते है। महिला का यह भी आरोप है कि शादी के बाद उसके पति नशे के आदी होने लगे क्योंकि उसके ससुराल पक्ष के लोगों उसे ज्यादा प्रताड़ित करते थे। यह बात उसके पति को ठीक नहीं लगती थी। महिला के अनुसार इस बात से परेशान उसके पति ने उसे मायके में छोड़ दिया तथा कहा कि जब तक घर वालों को व्यवहार ठीक नहीं होता तब तक तुम अपने मायके में रहो।
महिला के अनुसार उसने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बावजूद भी उसके ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार नहीं बदला। उसका आरोप है कि उसके जेठ ने उसके साथ छेड़खानी की। इस बात की शिकायत उसने पुलिस से की थी। जब मामला थाने में पहुंचा तो आरोपी पक्ष ने महिला और उसके पति पर गलत आरोप लगा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने बीती रात को अपने ससुर रविंद्र शर्मा, सास राजरानी शर्मा, देवर चंद्रकांत शर्मा, सुनील शर्मा, ताई सास का लड़का, छोटी ननद रेनू, छोटा ननदोई रामसेवक शर्मा, ननद सारिका शर्मा तथा ननदोई गजेंद्र शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ ,दहेज उत्पीड़न, मारपीट करने, घरेलू हिंसा करने, हरिजन उत्पीड़न करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है।
सौजन्य : रॉयल बुलेटन
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://royalbulletin.in/delhi-ncr/noi पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









