कानपुर देहात में दलित ने की आत्महत्या:बेटे के इलाज को ट्रैक्टर बेचा, पैसे मांगने पर बेइज्जत करने का आरोप
कानपुर देहात जिले के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक 50 वर्षीय दलित व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतक ने अपने बेटे के इलाज के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली बेची थी, लेकिन जब वह पैसे लेने गया तो उसे कथित तौर पर बेइज्जत कर मारपीट कर भगा दिया गया। मृतक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने आत्महत्या का जिक्र किया है।
जानकारी के अनुसार, असुआपुर गांव निवासी स्वर्गीय मूलचंद के पुत्र अजय कुमार संखवार (50) ने अपने घर में फांसी लगाई। मृतक के साले कमलेश कुमार ने बताया कि अजय के बेटे अनुराग का दिल्ली में गंभीर बीमारी का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने पांच दिन पहले ऑपरेशन के लिए साढ़े तीन लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा था, और ऑपरेशन 29 तारीख को होना था।
बेटे की जान बचाने के लिए अजय के पास पैसे नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने अपनी रोजी-रोटी का साधन ट्रैक्टर-ट्रॉली को गांव निवासी को लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये में बेच दी। कमलेश ने बताया कि आरोपी ने पुखरायां में दो बार पैसे देने का वादा किया था, लेकिन वह तय समय पर नहीं आया।
बेटे के ऑपरेशन में कोई बाधा न आए, इसलिए आरोपी से पैसे लेने गए। परिजनों का आरोप है कि वहां दबंग व्यक्ति ने उन्हें पैसे नहीं दिए, बेइज्जत किया और उनकी जेब में रखे रुपये छीनकर भगा दिया। इस घटना से आहत और दुखी होकर अजय कुमार ने घर पहुंचकर फांसी लगा ली।
आत्महत्या करने से पहले अजय कुमार ने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उन्होंने पैसे न मिलने का जिक्र किया है। भोगनीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया। भोगनीपुर कोतवाल अमरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी|
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से प्रकाशित https://www.bhaskar.com/local/uttar- किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









