दलित महिला से मारपीट और जातिसूचक गालियां:वाराणसी में 8 लोगों पर केस, महिला का आरोप- पुलिस ने समझौते का दबाव बनाया
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में एक दलित महिला के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बिरभानपुर गाँव निवासिनी पीड़िता चंद्रकला ने बताया कि गांव के सूरज शर्मा और धीरज शर्मा उसके घर के वॉशरूम का वीडियो बना रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज की। महिला ने 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया।
अगले दिन लालजी शर्मा के साथ में कुछ लोग ईंट-पत्थर और डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने महिला को लात-घूंसों से पीटा और जातिसूचक गालियां दीं। बचाव में आए उसके बेटे अनिल और रिश्तेदार अखिलेश कुमार गौतम पर भी हमला किया। आरोपी महिला की सोने की बाली छीनकर भाग गए और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने न तो तत्काल कार्रवाई की और न ही मेडिकल कराया। उल्टा समझौता न करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। महिला ने खुद मंडलीय चिकित्सालय में मेडिकल कराया।
आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत के बाद भी न कार्रवाही होने पर महिला ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर घटना के 83 दिन बाद सूरज शर्मा, धीरज शर्मा, लालजी शर्मा, सुरेश शर्मा, राधे शर्मा, शीला देवी, ज्योति और आदित्य शर्मा के खिलाफ सुसंगत धाराओं मे मुकदमा दर्ज किया गया है।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से प्रकाशित https://www.bhaskar.com/local/uttar-pr किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









