लखीमपुर खीरी में दलित किशोर की गर्दन कटी:गन्ने के खेत में घास लेने गया था, घसीटने के मिले निशान; जिला अस्पताल रेफर
लखीमपुर खीरी में एक दलित किशोर की गर्दन कटने की घटना सामने आई है। किशोर विक्रम पुत्र रामगोपाल उम्र 14 वर्ष जो चखरा थाना कोतवाली निघासन का रहने वाला है, सुबह 9 बजे घर से घास लेने गन्ने के खेत गया था।
खेत से चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किशोर को गंभीर हालत में पाया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉ अरविंद पटेल ने किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी में करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। एंबुलेंस आने पर किशोर को स्ट्रेचर नहीं मिला, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को किशोर को उठाकर एंबुलेंस तक ले जाना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही किशोर के बीमार पिता बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें नहीं पता उनके बेटे की गर्दन किसने काटी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर जंगली जानवर के पदचिन्ह नहीं मिले, लेकिन इंसानी पदचिन्ह मौजूद थे। प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र के अनुसार प्रथम दृष्टया यह जंगली जानवर का हमला प्रतीत होता है क्योंकि पीड़ित को काफी दूर तक घसीटा गया है। मामले की जांच जारी है।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से प्रकाशित https://www.bhaskar.com/local/uttar किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









