दलित किशोर की मौत का मामला:हरदोई में हादसा बना हत्या केस, पुलिस के कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर परिवार ने छोड़ा था गांव
हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय दलित किशोर अनुज की मौत का मामला नए मोड़ पर पहुंच गया है। 30 मई को शारदा नहर में डूबने से हुई मौत को पहले हादसा माना गया था। प्रशासन ने मृतक की मां को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी थी।
मृतक के पिता विमलेश ने गांव के चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया। पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दिन अनुज पड़ोसी गांव खुटेहना से सरसों का तेल पिराकर लौट रहा था। इसी दौरान वह नहर में नहाने गया और डूब गया। अगले दिन शव मिला और पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई।
परिवार ने न्याय न मिलने पर सोमवार को गांव छोड़ दिया है। विमलेश ने लखनऊ में डीजीपी कार्यालय जाकर शिकायत की। एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
एसडीएम पूनम भास्कर ने सरकारी मुआवजे की जांच के आदेश दिए हैं। सीओ रविप्रकाश सिंह के अनुसार तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/utta प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









