बलिया में दलित नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी रामजी राय गिरफ्तार
बलिया। जिले में दलित नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 55 वर्षीय आरोपी रामजी राय उर्फ बबलू राय, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था, को पुलिस ने नरही थाना क्षेत्र के बैरिया तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना ने पूरे इलाके में गहरा आक्रोश और तनाव फैला दिया था। पीड़िता का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला है। परिजनों और ग्रामीणों ने शुरुआत से ही इसे सुनियोजित अपराध बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी निगरानी, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की थी। सोमवार सुबह पुलिस टीम ने बैरिया तिराहे के पास से आरोपी को दबोच लिया, जो कहीं भागने की फिराक में था।
पुलिस अधीक्षक बलिया ने बताया कि, “आरोपी रामजी राय के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट, हत्या और अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।”
इस जघन्य घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में गहरी नाराजगी है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से त्वरित न्याय और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और हालात सामान्य बनाए रखने के लिए अधिकारियों की निगरानी बनी हुई है।
सौजन्य :खास खबर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.khaskhabar.com/ प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









