Lucknow News: ‘कोचिंग में फ़ोटो खींचकर मनचलों ने छात्रा पर बनाया मिलने का दबाव’, न मानी तो सोशल मीडिया पर किया वायरल, पुलिस ने दर्ज की FIR
Lucknow News: कोचिंग में पढ़ने वाली 11वीं की छात्रा पर उसके सहपाठी मनचलों की ओर से तस्वीर खींचकर मिलने का दबाव बनाया गया।
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ पुलिस आरोपियों की खिलाफ कड़ी कार्रवाई करती नजर आ रही है। बावजूद इसके छात्राओं से छेड़छाड़ व अभद्रता के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी से जुड़ा एक मामला लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां कोचिंग में पढ़ने वाली 11वीं की छात्रा पर उसके सहपाठी मनचलों की ओर से तस्वीर खींचकर मिलने का दबाव बनाया गया। छात्रा ने जब इस बात का विरोध किया तो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गईं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मानसिक उत्पीड़न के चलते 10वीं की परीक्षा में आए कम अंक
छात्रा की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, कोचिंग के मनचले छात्र बीते लंबे समय से उसे ऐसे ही परेशान करते हैं, कोचिंग में टीका टिप्पणी करते हैं, जिसके चलते 10वीं की परीक्षा में उसके कम अंक आए और वह मानसिक तौर पर बहुत परेशान हुई। छात्रा के अनुसार, वही छात्र अब कोचिंग में दुबारा से परेशान कर रहे हैं, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रा में कोचिंग के दो सहपाठियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपने मोबाइल में छात्रा की तस्वीरें खींच लीं और फिर उनमें से एक मनचले सहपाठी ने छात्रा पर अलग से मिलने का दबाव बनाया। जब उसकी इस बात का विरोध करते हुए छात्रा ने मिलने से इनकार कर दिया तो उन्होंने छात्रा के इंस्टाग्राम एकाउंट पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दी।
आरोपियों ने फर्जी अकॉउंट बनाकर छात्रा की तस्वीरें की वायरल
छात्रा के अनुसार, बीते 18 मई को उसने परेशान होकर अपने सभी सोशल मीडिया एकाउंट बंद कर दिए। जिसके बाद उसकी एक साथी की ओर से बताया गया कि छात्रा की कुछ तस्वीरें आरोपियों ने फर्जी अकॉउंट बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी हैं। छात्रा की माँ की इस बात की भनक लगी तो वे छात्रा को लेकर आशियाना थाने पहुंची। इंस्पेक्टर आशियाना का कहना है कि मामले में छात्रा की मां की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस की ओर से जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य :न्यूज़ ट्रैक
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://newstrack.com/uttar-prad पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









