बस्ती में दलित युवक से मारपीट:बंधक बनाने का आरोप, न्यायालय के आदेश पर 6 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज
कलवारी पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक दलित युवक से मारपीट, बंधक बनाने और तोड़फोड़ के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई उमरिया निवासी पंचम की शिकायत पर की गई है। दर्ज मुकदमे में उमरिया निवासी सुधा, अतुल, अंगद, दिलीप, पंकज और जियालाल को नामजद किया गया है।
पीड़ित पंचम ने अपनी शिकायत में बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज की। जब उसने विरोध किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सभी आरोपित उसके घर में जबरन घुस गए और घरेलू सामान में तोड़फोड़ की।पंचम के अनुसार, आरोपितों ने उसे कुछ समय तक बंधक बनाकर रखा और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद पीड़ित और उसके परिवार में डर का माहौल है।
पीड़ित ने पहले स्थानीय स्तर पर शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद कलवारी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने, तोड़फोड़ और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कलवारी थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप पर https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/b प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









