परिवार सहित 65 KM का पैदल सफर तय कर DC सिरमौर के दरबार पहुंची दुखियारी महिला

नाहन : दलित समुदाय से संबंध रखने वाली महिला अपने परिवार सहित 65 किलोमीटर लंबा सफर तय कर चौथे दिन उपायुक्त सिरमौर (DC Sirmaur) के दरबार में पहुंची। यहां पहुंचकर महिला ने डीसी साहब को अपना दुखड़ा सुनाया।
दरअसल, दलित समुदाय से संबंध रखने वाली महिला गाजे-बाजे के साथ उपायुक्त कार्यालय परिसर पहुंची और ज्ञापन सौंपकर शामलात भूमि पर कब्जा दिलाने की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि एक प्रभावशाली कांग्रेसी नेता ने उसे शामलात भूमि से बेदखल कर दिए है। महिला कमलेश देवी ने बताया कि उसकी 10 बीघा भूमि पर कब्जा करके उसे बेदखल किया गया है।
महिला कब्जा बहाल करने की मांग को लेकर पैदल यात्रा कर प्रशासन के पास पहुंची और प्रशासन को अपना दुखड़ा सुनाया। महिला अपने पति रामस्वरूप, बड़ी बेटी प्रीतिका, बेटा गुलशन, अभिषेक अनुराग व सचिन सहित उसके जेठ के दो बच्चों के साथ बुधवार दोपहर बाद संगड़ाह से पैदल यात्रा पर निकली थी। नाहन पहुंचने में उसे चार दिन का वक्त लगा।
महिला का यह भी आरोप है कि उसकी फरियाद को किसी ने नहीं सुना। मजबूरन उसे आंदोलन का यह रास्ता अख्तियार करने पर विवश होना पड़ा। कमलेश देवी ने प्रदेश सरकार से भी मांग की है कि उसे शामलात भूमि पर कब्जा दिलाया जाए। उधर, प्रशासन ने मामले की जांच कर महिला को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सौजन्य : Mbm newsnet work
नोट : समाचार मूलरूप से mbmnewsnetwork.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित!